MP News: तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी: आज जबलपुर समेत 11 जिलों में अलर्ट
भोपाल । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण प्रदेश में मानसून जैसी स्थिति बन रही है। 28, 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को जबलपुर समेत 11 जिलों में आंधी और बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब यानी डीप डिप्रेशन अब गंभीर चक्रवातीय तूफान में बदल गया है। 27 अक्टूबर से इसके और मजबूत होने का अनुमान है। इसके आगे बढ़ने के साथ मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
29 अक्टूबर को मौसमी सिस्टम का सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसी दिन करवा चौथ होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के कारण चांद के दीदार में परेशानी हो सकती है। सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 24 घंटे के दौरान साढ़े चार इंच से ज्यादा बारिश होने की आशंका है। वहीं, जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, कटनी, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भारी बारिश होने का अनुमान है।
इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
30 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर और शहडोल में भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बदलते मौसम के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत रहेगी।
बारिश की चेतावनी के बीच प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ने लगी है। बीती रात प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटनी जिले के करौंदी में पारा 13.9 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 14.2 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 14.7 डिग्री और मंडला में 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दूसरी ओर, दिन के तापमान में करीब 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उज्जैन, गुना, नर्मदापुरम, धार, ग्वालियर, इंदौर, खजुराहो और सागर में अधिकतम तापमान 35 से 35.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। ऐसे में प्रदेश में दिन के समय गर्मी और रात में ठंडक का असर बना हुआ है, जबकि आने वाले दिनों में बारिश के कारण मौसम में और बदलाव होने की संभावना है।
