MP News: राज्यसभा की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी, पहले दिन कोई नामांकन नहीं
भोपाल.
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। उम्मीदवार 02 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया।
गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य बने थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था, लेकिन 14 अक्टूबर 2026 को उन्होंने केन्द्रीय मंत्री मंडल और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सीट खाली हुई इस सीट पर निर्वाचन आयोग द्वारा उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, मप्र से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्र मध्य प्रदेश विधानसभा भवन स्थित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन नहीं लिए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को दोपहर 2 बजे होगी। उम्मीदवार 5 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे।
इसके बाद अगर चुनाव की आवश्यकता हुई तो 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद मतगणना होगी। उपचुनाव के लिए विधानसभा के अपर सचिव उमेश शर्मा को रिटर्निंग ऑफिसर और अपर सचिव मयंक वर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। विधानसभा भवन के समिति कक्ष क्रमांक-2 (एम-02) में निर्वाचन कार्यालय बनाया गया है
