Bhopal News: छात्रा से मोबाइल छीनकर भागे बदमाश, धुआं कर बाइक का नंबर छिपाया: छात्रा ने बदमाश का हाथ पकड़कर रोकने की कोशिश की, तीन दिन बाद दर्ज हुआ केस
राजनीतिक क्रांति, भोपाल
पिपलानी इलाके में बाइक सवार दो बदमाश कॉलेज छात्रा से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। छात्रा ने पीछे बैठे बदमाश का हाथ पकड़कर मोबाइल बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने कैरोसिन जैसी गंध वाला धुआं कर दिया। धुआं होने से छात्रा बाइक का नंबर नहीं देख सकी। इसके बाद दोनों बदमाश खजूरी रोड की तरफ भाग गए। छात्रा का आरोप है कि वारदात के बाद वह शिकायत लेकर थाने पहुंची, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बाद में एसीपी कार्यालय में शिकायत करने के बाद पुलिस ने तीन दिन बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार सोनागिरी निवासी मुस्कान वर्मा (20) सीआरसी कॉलेज की छात्रा है। उसने शिकायत में बताया कि 29 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह स्कूटी से कॉलेज से घर लौट रही थी। वह हकीम होटल के सामने वाली सड़क से गुजर रही थी। होटल के आगे तिराहे पर वह मोबाइल पर बात कर रही थी, तभी बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे।
दोनों बदमाशों ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था। बाइक चला रहे युवक ने काले रंग का, जबकि पीछे बैठे युवक ने नारंगी रंग का स्कार्फ बांध रखा था। पीछे बैठे बदमाश ने अचानक छात्रा के हाथ से वनप्लस मोबाइल छीन लिया। छात्रा ने उसका हाथ पकड़कर मोबाइल वापस लेने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने कैरोसिन जैसी गंध वाला धुआं कर दिया। धुआं फैलने से छात्रा बाइक का नंबर नहीं देख सकी। बदमाश उसका हाथ छुड़ाकर साथी के साथ खजूरी रोड की तरफ भाग गया।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि छीना गया मोबाइल करीब 17 हजार रुपए कीमत का है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बाइक और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
