Sehore News: जूते-चप्पलों की दो मंजिला थोक दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलने की आशंका
1 min read

Sehore News: जूते-चप्पलों की दो मंजिला थोक दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलने की आशंका

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर में मंडी चौराहे पर शुक्रवार देर रात जूते-चप्पलों की दो मंजिला थोक दुकान एनके एंटरप्राइजेज में अचानक आग लग गई। रात करीब 11 बजे लगी आग ने देखते ही देखते दोनों मंजिलों में रखे जूते-चप्पलों के भारी स्टॉक को चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने करीब 11:30 बजे दुकान से धुआं निकलते देखा और इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

दुकान संचालक नितिन साहू और शैलेंद्र शिवहरे उस समय बाहर गए हुए थे। दुकान का शटर बंद होने के कारण आग अंदर ही अंदर फैलती रही। सूचना मिलने के बाद करीब रात 12 बजे दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने शटर तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया। दुकान में जूते-चप्पलों का भारी स्टॉक होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। दमकल कर्मियों ने करीब आठ दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों की मदद से लगातार तीन घंटे तक मशक्कत की। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग से दुकान में रखा बड़ी मात्रा में माल जलकर खाक होने की आशंका है। प्रारंभिक तौर पर नुकसान लाखों रुपए का बताया जा रहा है। वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।