Bhopal News: थाने से 200 मीटर दूर फ्लैट में जुए का फड़, 15 गिरफ्तार: गुंडे के जन्मदिन पर जमी थी महफिल, 93 लाख का मशरूका जब्त
1 min read

Bhopal News: थाने से 200 मीटर दूर फ्लैट में जुए का फड़, 15 गिरफ्तार: गुंडे के जन्मदिन पर जमी थी महफिल, 93 लाख का मशरूका जब्त

Bhopal. राजधानी में जुआरियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें थाने से चंद कदमों की दूरी पर जुए का फड़ जमाने में भी पुलिस का डर नहीं रहा. शाहपुरा थाने से महज 200 मीटर दूर इंडेक्स अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रविवार रात 15 लोग ताश के पत्तों पर लाखों के दांव लगा रहे थे. पुलिस ने दबिश देकर सभी को पकड़ लिया. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है. जुआ खेलने पहुंचे आरोपी  आठ चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ आए थे. पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:25 बजे मुखबिर से फ्लैट में जुआ खेले जाने और नीचे संदिग्ध वाहनों के खड़े होने की सूचना मिली थी. मौके पर सौरभ सिंह, अरुण कुमार, बादल ठाकुर, राहुल त्रिपाठी, अमन सिंह, मोहन सिंह राजपूत, तुषार तोमर, समीर तोमर, विनय रंधवे, अंकुश गर्ग, विजय शर्मा, भरत चौहान, विशाल पाठक, वैभव सिंह राजपूत और एक विधि विरुद्ध बालक जुआ खेलते मिले.

20 मोबाइल और आठ कारें जब्त
पुलिस ने मौके से 94,690 रुपये नकद, करीब 12 लाख रुपये कीमत के 20 मोबाइल फोन, लगभग 80 लाख रुपये कीमत के आठ चार पहिया वाहन और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं. जब्त मशरूका की कुल कीमत 92 लाख 94 हजार 690 रुपये आंकी गई है. 14 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को नोटिस देकर छोड़ दिया गया.

तलवार से केक काटने का वीडियो हुआ था वायरल
पकड़ा गया विशाल पाठक कोलार थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में करीब तीन महीने से फरार था. उसने जन्मदिन पर सरेराह तलवार से केक काटा था. इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था. इसके बाद से वह कोलार पुलिस को चकमा दे रहा था. शाहपुरा में जुए के फड़ पर पकड़े जाने के बाद वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया.