MP News: 255 करोड़ से उज्जैन में बनेगा अत्याधुनिक डेयरी प्लांट: अमित शाह भोपाल से करेंगे डिजिटल भूमिपूजन- पहले चरण में रोज 3 लाख लीटर दूध का होगा प्रसंस्करण
उज्जैन। उज्जैन और आसपास के दुग्ध उत्पादकों के लिए 255 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक डेयरी प्लांट तैयार किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज 3 अक्टूबर को भोपाल से इसका डिजिटल भूमिपूजन करेंगे।
प्लांट को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआत में यहां रोज 3 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण होगा, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन किया जा सकेगा।
परियोजना के लिए राज्य सरकार 170 करोड़ रुपए अनुदान देगी, जबकि 85 करोड़ रुपए दुग्ध संघ ऋण के माध्यम से जुटाएगा। प्लांट शुरू होने के बाद दूध के प्रसंस्करण के साथ उससे कई तरह के उत्पाद तैयार किए जाएंगे।
रोज 1.50 लाख लीटर पैक्ड मिल्क…
प्लांट में प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर पैक्ड मिल्क, 25 हजार लीटर दही और 10 हजार लीटर लस्सी-छाछ तैयार करने की क्षमता होगी। इसके साथ ही रोज 10 मीट्रिक टन घी बनाने का प्लांट भी लगाया जाएगा। आधुनिक मशीनों से दूध को प्रसंस्कृत कर अलग-अलग उत्पादों में बदला जाएगा।
दूध संग्रहण से बाजार तक व्यवस्था होगी मजबूत …
प्लांट से उज्जैन सहित आसपास के जिलों में दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। दुग्ध उत्पादकों से मिलने वाले दूध का स्थानीय स्तर पर अधिक प्रसंस्करण होने से मूल्यवर्धन भी होगा। परियोजना के विस्तार के साथ क्षेत्र में डेयरी कारोबार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने की योजना है।
मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास के अनुसार, प्लांट को भविष्य में 5 लाख लीटर प्रतिदिन की क्षमता तक बढ़ाने का प्रावधान रखा गया है। इससे क्षेत्र में बढ़ते दूध उत्पादन के अनुरूप प्रसंस्करण क्षमता विकसित की जा सकेगी।
