Ujjain News: महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर रेप के आरोप, कथित चैट और वीडियो वायरल
उज्जैन। जिले के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज एक बार फिर विवादों में हैं। आश्रम में रहने वाली एक महिला द्वारा रेप, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाने के बाद अब दोनों के बीच की कथित वॉट्सएप चैट, पिटाई का वीडियो और एक कथित मैरिज सर्टिफिकेट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल कथित चैट में महिला ने खुद को गर्भवती बताते हुए लिखा है कि डॉक्टर ने 10 दिन बाद दोबारा जांच के लिए बुलाया है और पूछा है कि उन्हें डॉक्टर के पास कब ले जाया जाएगा। चैट में उसने यह भी लिखा कि “आपने जो किया, उसका पाप मैं पाल रही हूं।” इसके जवाब में ज्ञानदास की ओर से कथित तौर पर लिखा गया कि यदि यह सच है तो यह “खुशखबरी” है और बुढ़ापे के सहारे की चिंता समाप्त हो गई।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी मुलाकात दादू आश्रम में ज्ञानदास से हुई थी। बाद में दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। महिला का कहना है कि वर्ष 2025 की गुरु पूर्णिमा पर उसे सदावल स्थित आश्रम बुलाया गया, जहां सेवा कार्य के नाम पर कुछ दिन रुकने के लिए कहा गया। आरोप है कि एक रात प्रसाद के रूप में खीर खिलाई गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। अगले दिन उसे अपने साथ दुष्कर्म होने का एहसास हुआ।
इस बीच सोशल मीडिया पर ज्ञानदास का एक कथित मैरिज सर्टिफिकेट भी वायरल हो रहा है, जिसमें 11 अक्टूबर 2021 को विवाह होने का उल्लेख है। इसके अलावा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ महिलाएं ज्ञानदास की लाठी से पिटाई करती दिखाई दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो करीब चार माह पुराना है।
वहीं, ज्ञानदास ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया है। उनका कहना है कि वायरल किया जा रहा कथित मैरिज सर्टिफिकेट फर्जी है और इस संबंध में पहले ही न्यायालय में शिकायत की जा चुकी है। पिटाई के वायरल वीडियो को लेकर भी उन्होंने कहा कि विवाद करने आई महिलाएं शिकायतकर्ता के कहने पर आश्रम पहुंची थीं।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले आश्रम में रहने वाली एक महिला ने महाकाल थाने में ज्ञानदास के खिलाफ रेप, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने इस संबंध में गृह मंत्री, डीजीपी, आईजी और एसपी को भी आवेदन भेजा है। मामले की
जांच की जा रही है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित वॉट्सएप चैट, वीडियो और अन्य दस्तावेजों की पुष्टि ‘राजनीतिक क्रांति’ नहीं करता है।
घनश्याम शर्मा, ब्यूरो (उज्जैन)
