पाकिस्तान में कोयला खदान में विस्फोट; 18 खनिकों की मौत
पाकिस्तान के हिंसाग्रस्त बलूचिस्तान प्रांत में कोयले की एक खदान के अंदर हुए धमाके में कम से कम 18 खनिकों की मौत हो गई है। धमाके के बाद 24 अन्य खनिक अंदर फंसे हुए हैं और बचावकर्मी उन तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। खदान में फंसे लोगों की हालत खतरे में बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि धमाका बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके में हुआ। माना जा रहा है कि यह मीथेन गैस जमा होने के कारण हुआ।धमाके की जानकारी मिलते ही बचाव और रेस्क्यू टीमों ने अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि कई घंटे बाद बचाव दल को 7 खनिकों से शव मिले। इसके बाद में 11 और शव निकाले गए। सरकारी खदान इंस्पेक्टर गनी बलोच ने बताया कि जब तक खदान में फंसे सभी खनिकों का पता नहीं चल जाता, बचाव अभियान जारी रहेगा।अंदर फंसे लोगों के जिंदा होने की बहुत कम उम्मीद
बलूच ने आशंका जताई की खदान के अंदर मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा, “मीथेन गैस के धमाकों के बाद किसी के जीवित मिलने की संभावना कम हो जाती है, क्योंकि ऑक्सजीन का स्तर शून्य हो जाता है। बचावकर्मी भी अंदर सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने बताया कि निकाले गए शवों को दफनाने के लिए उनके परिवारों को सौंपा जा रहा है। वहीं, अंदर फंसे हुए लोगों के परिजन बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
