Bhopal News: साइबर ठगी के नए तरीके: एक दर्जन से ज्यादा लोग बने शिकार; कहीं क्यूआर कोड स्कैन कर खाते से 90 हजार उड़ाए
1 min read

Bhopal News: साइबर ठगी के नए तरीके: एक दर्जन से ज्यादा लोग बने शिकार; कहीं क्यूआर कोड स्कैन कर खाते से 90 हजार उड़ाए

राजनीतिक क्रांति, भोपाल

राजधानी में साइबर ठगों ने लोगों को शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रखे हैं। कोई बैंक और कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर खाते से रकम उड़ा रहा है तो कोई ऑनलाइन नौकरी और ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों की जमा पूंजी हड़प रहा है। होटल बुकिंग के नाम पर भी ठगी की जा रही है। हाल ही में भोपाल के अलग-अलग थानों में साइबर ठगी के एक दर्जन से अधिक मामले सामने आए हैं। इनमें एक व्यक्ति से 3 लाख रुपए की ट्रेडिंग ठगी तो दूसरे से डीटीएच कस्टमर केयर बनकर 90 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है।

क्यूआर कोड स्कैन करते ही खाते से 90 हजार गायब

बागसेवनिया के रजत विहार निवासी हरिप्रकाश मिश्रा डीटीएच का प्लान चालू कराने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाश रहे थे। इस दौरान एक अनजान व्यक्ति ने फोन कर खुद को कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और वाट्सएप पर फाइल भेजकर भुगतान करने को कहा। फरियादी ने दो बार 7-7 रुपए का भुगतान किया। इसके बाद आरोपी ने यूपीआई लाइट के 7 रुपए वापस करने के नाम पर बारकोड भेजा। उसे स्कैन करते ही उनके खाते से 90 हजार रुपए निकल गए।

ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 3 लाख ऐंठे

नेहरू नगर निवासी सुशील कुमार गुप्ता ने फेसबुक पर ट्रेडिंग का विज्ञापन देखा था। इसके बाद रवि, मनोज और योगेश गांधी नाम के लोगों ने उनसे संपर्क किया। शुरुआत में ट्रेडिंग में 10 से 15 हजार रुपए का लाभ दिखाया। बाद में अधिक मुनाफे का लालच देकर उनके बेटे के खाते से तीन बार में कुल 3 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। आरोपियों ने उनकी पत्नी के दस्तावेज लेकर ट्रेडिंग खाता खुलवाने का दावा भी किया।

वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 30 हजार की ठगी

छोला मंदिर क्षेत्र के 23 वर्षीय अमित मीना ने इंस्टाग्राम पर कविता पब्लिकेशन का विज्ञापन देखा था। इसमें हैंडराइटिंग का काम देने का दावा किया गया था। रजिस्ट्रेशन और डिलीवरी फीस के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपियों ने खाते के सत्यापन के नाम पर 20 हजार रुपए और जमा करा लिए। इसके बाद 25 हजार रुपए की मांग की गई। संदेह होने पर अमित ने भुगतान नहीं किया और साइबर शिकायत दर्ज कराई। उनके मुताबिक करीब 30,947 रुपए की ठगी हुई।

होटल पैकेज और मोबाइल चोरी से भी ठगी

मिसरोद के रुचि लाइफ स्केप निवासी मनोज वर्मा ने होटल बुकिंग और पर्यटन सुविधाएं देने वाली कंपनी के खिलाफ 1 लाख 29 हजार 438 रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत की है। वहीं कोलार रोड के साकेत मालवीय के खाते से यूपीआई के जरिए 38 हजार रुपए निकल गए। पिपलानी के अभिषेक कोरकू के खाते से 26,772 रुपए की धोखाधड़ी हुई। कमला नगर की आरती मोगिया का मोबाइल चोरी होने के बाद उनके बैंक खाते से जुड़े फोन-पे के जरिए 27,880 रुपए निकाल लिए गए।

चार लोगों से 2.73 लाख से ज्यादा की ठगी

अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में भी साइबर ठगी के चार मामले सामने आए हैं। इनमें राजेश साहू से 32,517 रुपए, सुधीर मिश्रा से 75 हजार रुपए, प्रवीण मिश्रा से 1 लाख 17 हजार 999 रुपए और रजनीश से 28 हजार रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई। शाहपुरा के गिरीश बाथरे के खाते से यूपीआई के जरिए 40 हजार रुपए निकाल लिए गए। पुलिस ने साइबर सेल से मिली जीरो एफआईआर के आधार पर संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।