MP News: बैतूल में कथित नशामुक्ति काढ़े से दो मौतों के बाद शराब से भरी कार पकड़ी गई
बैतूल.
जिले के चिचोली क्षेत्र के ग्राम पठाखेड़ा में नशे से जुड़ी दो घटनाएं सामने आई हैं। शराब की लत छुड़ाने के लिए कथित नशामुक्ति काढ़े का सेवन करने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला चिकित्सालय बैतूल में भर्ती कराया गया है। इसी बीच गांव में देर रात शराब से भरी एक कार पकड़े जाने का मामला सामने आया है।
कथित काढ़े के सेवन से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य प्रभावित लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस काढ़े से जुड़े तथ्यों और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
इसी दौरान ग्रामीणों ने देर रात कार क्रमांक एमएच43एक्स4331 को रोककर तलाशी ली। कार में शराब की खेप रखी हुई थी। पूछताछ में चालक ने कथित तौर पर बताया कि वह चिचोली के एक अवैध शराब कारोबारी के यहां से शराब लेकर पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। ग्रामीणों ने चालक और वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार के अंदर शराब रखी दिखाई दे रही है।
एक ही गांव में कथित नशामुक्ति काढ़े से दो मौतें और उसके बाद शराब से भरी कार पकड़े जाने की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
