Bhopal News: खजूरीकलां-करोंद में अवैध कॉलोनियों पर नगर निगम की कार्रवाई, जेसीबी से उखाड़ी सड़कें और तोड़ी बाउंड्रीवॉल
1 min read

Bhopal News: खजूरीकलां-करोंद में अवैध कॉलोनियों पर नगर निगम की कार्रवाई, जेसीबी से उखाड़ी सड़कें और तोड़ी बाउंड्रीवॉल

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को कार्रवाई की। खजूरीकलां और करोंद के पलाशी क्षेत्र में निगम की टीम जेसीबी लेकर पहुंची और सड़कें उखाड़ने के साथ बाउंड्रीवॉल व अन्य निर्माण ध्वस्त किए।

खजूरीकलां में एसआर ग्रीन कॉलोनी के लिए किए जा रहे निर्माण पर कार्रवाई की गई, जबकि पलाशी में करीब 25 एकड़ जमीन पर विकसित हो रहे निर्माणों को निशाना बनाया गया। निगम अधिकारियों के मुताबिक, दोनों स्थानों पर बिना अनुमति कॉलोनी विकसित की जा रही थी।

नगर निगम की पहली कार्रवाई खजूरीकलां स्थित खसरा क्रमांक 166 के अंश भाग में की गई। यहां एसआर ग्रीन कॉलोनी विकसित की जा रही थी। निगम अधिकारियों के अनुसार, करीब एक एकड़ क्षेत्र में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने के लिए सड़क और अन्य निर्माण किए जा रहे थे। इस जमीन से मास्टर प्लान की सड़क प्रस्तावित है। ऐसे में निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क और अन्य निर्माण हटाए, ताकि भविष्य में प्रस्तावित सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो सके। अधिकारियों ने जमीन की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई है।

करोंद के पलाशी में 25 एकड़ जमीन पर तोड़े निर्माण

दूसरी कार्रवाई करोंद के पलाशी क्षेत्र में की गई। यहां करीब 25 एकड़ जमीन पर बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को हटाने के लिए निगम का अमला पहुंचा। पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से निर्माण कार्य ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल रही। निगम की टीम ने अवैध रूप से विकसित किए जा रहे हिस्सों में सड़क और अन्य निर्माण हटाए।

एसीएस की नाराजगी के बाद सक्रिय हुआ निगम अमला

शहर में अवैध निर्माणों को लेकर नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने दिन पहले 18 नवंबर को नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार को पत्र लिखा था। इसमें शहर में भवन निर्माण से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर नाराजगी जताई गई थी। पत्र में एमओएस, एफएआर और बेसमेंट संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं होने का मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद नगर निगम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। गुरुवार को खजूरीकलां और पलाशी में की गई कार्रवाई को इसी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।