Indore Crime Branch News: ड्रग्स तस्करी में दो आरोपी गिरफ्तार: 15 ग्राम ड्रग्स जब्त
इंदौर। क्राइम ब्रांच इंदौर ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। कुल जब्ती करीब 2.10 लाख रुपये की है।
क्राइम ब्रांच की टीम को एमआर-04 रोड स्थित सरस्वती नदी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान शाहरुख उर्फ एमडी (32), निवासी राजेंद्र नगर, इंदौर के रूप में हुई। मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर सीट कवर के नीचे छिपाकर रखी गई 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ में शाहरुख ने ड्रग्स एरोड्रम निवासी सूरज तिवारी (32) से लाना बताया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए सूरज तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, सूरज दसवीं तक शिक्षित है और ड्राइविंग का काम करता है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और 8/29 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ड्रग्स की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 94 मामलों में 208 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान 3.49365 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 467.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 4.57 करोड़ रुपये की सामग्री और वाहन जब्त किए गए हैं।
