Bhopal News: मेट्रो निर्माण के चलते 25 नवंबर से रोशनपुरा-राजभवन मार्ग 20 दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट
भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य के चलते 25 नवंबर से रोशनपुरा चौराहे से राजभवन तिराहे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा. यह डायवर्शन 20 दिनों तक लागू रहेगा. इस दौरान रोशनपुरा से राजभवन की ओर जाने वाले वाहन बाणगंगा चौराहा, केएन प्रधान तिराहा और मछली घर होकर गुजरेंगे.
यातायात पुलिस के अनुसार, मेट्रो निर्माण का काम रोशनपुरा चौराहे से मुगल बाजार जहांगीराबाद (जैन मंदिर) तक तीन चरणों में होना है. पहले चरण में रोशनपुरा से राजभवन, दूसरे चरण में राजभवन से कंट्रोल रूम तिराहा और तीसरे चरण में कंट्रोल रूम तिराहे से मुगल बाजार जहांगीराबाद चौराहे तक निर्माण किया जाएगा.
लिंक रोड-1 से आने वाले वाहन अंकुर स्कूल, रमेश टेलर और नरेश बटन भंडार होते हुए रोशनपुरा पहुंच सकेंगे. वहीं विधानसभा, मंत्रालय और बिड़ला मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर संकीर्णता के कारण एमएल रेस्ट हाउस और मालवीय नगर तिराहे से गांधी पार्क तिराहा होते हुए मछली घर तक केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को जाने की अनुमति रहेगी. बड़े और मध्यम वाहन रोशनपुरा चौराहा और बाणगंगा होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. यातायात संबंधी परेशानी होने पर 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 7587602055 पर भी शिकायत या जानकारी दी जा सकती है.
