MP News: पत्नी से बातचीत से रोका, नहीं माना तो मारा चाकू: 4 आरोपी पकड़ाए; पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोप में पति भी गिरफ्तार
1 min read

MP News: पत्नी से बातचीत से रोका, नहीं माना तो मारा चाकू: 4 आरोपी पकड़ाए; पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोप में पति भी गिरफ्तार

उज्जैन। उज्जैन पुलिस ने रविवार रात 8 बजे दो मामलों का खुलासा किया है। चिमनगंज मंडी पुलिस ने युवक पर चाकू से हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पंवासा पुलिस ने पत्नी को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई संबंधित थानों में दर्ज प्रकरण और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई।

पत्नी से बातचीत को लेकर युवक पर हमला

चिमनगंज मंडी पुलिस के अनुसार- 3 अक्टूबर को 22 वर्षीय तुषार निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, ढांचा भवन, ज्ञानेश्वरी माता मंदिर की गली में चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे घेरकर विवाद किया और चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
उसे उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि तुषार के आरोपी मदन की पत्नी से बातचीत करने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
इस मामले में समझाइश भी दी गई थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। घटना के बाद पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस ने मदन पिता रतनलाल सत्या उर्फ सत्तू, पवन, और सुमित को गिरफ्तार किया। चारों को न्यायालय में पेश करने पर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। मदन पर पहले से पांच और पवन पर एक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोप में पति गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई पंवासा पुलिस ने की। पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को ग्राम मोरुखेड़ी, पाटपाला निवासी 27 वर्षीय कविता चंदेल की मौत के मामले में मर्ग जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतिका के माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों के बयान लिए गए।पुलिस के मुताबिक परिजनों ने पति शिवशंकर उर्फ रामगोपाल चंदेल पर शराब के नशे में पत्नी के चरित्र पर संदेह कर विवाद और प्रताड़ना करने के आरोप लगाए।
जांच में सामने आए तथ्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया और 25 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना साक्ष्यों के आधार पर जारी है।