ऑपरेशन ट्राइडेंट: तीन राज्यों में 38 जगह छापेमारी: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स कार्टेल ध्वस्त
नई दिल्ली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के तहत 23 अक्टूबर को असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। केंद्रीय एजेंसियों और तीनों राज्यों की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के नेटवर्क और वित्तीय तंत्र को निशाना बनाया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि कार्रवाई में 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पता चला, 1,424 बैंक खाते फ्रीज किए गए और 17.82 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इसके अलावा 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद जब्त किए गए तथा 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह ‘डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर’ के जरिए भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं से मादक पदार्थों की तस्करी करता था। अभियान का उद्देश्य तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के साथ उसके वित्तीय स्रोतों को भी खत्म करना है।
