पीएम मोदी के पिता पर टिप्पणी को लेकर सीएम यादव द्वारा खड़गे की निंदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने रविवार को पटना में दिए गए बयान की निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध में भी भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन विरोध के दौरान गरिमा और शालीनता का ध्यान रखा जाना चाहिए। राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को राजनीति में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेताओं को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए, जिससे किसी व्यक्ति या उसके परिवार का अपमान हो।
खड़गे ने आखिर क्या कहा…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जब केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बोल रहे थे, तभी सभा में मौजूद एक युवक ने खड़े होकर कहा, “मोदी नहीं जाएंगे।” इस पर खड़गे ने पलटवार करते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” इसके बाद कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति बन गई। आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में आपत्ति जताने वाले युवक के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारपीट की।
