BHOPAL NEWS: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कल: बदलेगी यातायात व्यवस्था
भोपाल। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर बुधवार को भोपाल में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। सुबह 9 बजे से प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ और हताईखेड़ा डेम पर प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। वहीं, रात 8 बजे से विभिन्न मार्गों पर झांकियों के चल समारोह निकलेंगे। इसके मद्देनजर नगरीय यातायात पुलिस ने मार्ग परिवर्तन और वाहनों के आवागमन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
21 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से चल समारोह समाप्त होने तक, यानी 22 अक्टूबर की सुबह लगभग 8 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा चौराहा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला चौराहा, पटेल नगर, 11 मील, रातीबड़, लालघाटी, नूरगंज तिराहा, एयरपोर्ट चौराहा, करोंद चौराहा, भानपुर चौराहा और रत्नागिरी से आगे भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
पुराने शहर में बदलेगा यातायात
शाम 5 बजे से भारत टॉकीज चौराहा, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे के बीच सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। शाम 6 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी तिराहा और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास तथा बस स्टैंड की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
झांकियों का चल समारोह भारत टॉकीज तिराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मंडी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा। कुछ झांकियां पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा और भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट जाएंगी। चल समारोह की स्थिति के अनुसार विभिन्न मार्गों पर वाहनों का आवागमन रोका जाएगा और वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित होगा।
बैरागढ़ मार्ग पर भी बदलाव
बैरागढ़ में विसर्जन के दौरान भोपाल-इंदौर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। भोपाल तथा इंदौर-देवास की ओर आने-जाने वाले वाहन लालघाटी से नूरगंज तिराहा, गांधीनगर तिराहा, एयरपोर्ट तिराहा, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास, भौरी और खजूरी सड़क बायपास का उपयोग कर सकेंगे। शहर से इंदौर और सीहोर की ओर जाने वाले वाहन झागरिया, रातीबड़, नीलबड़ और भदभदा चौराहा होकर आवागमन कर सकेंगे।
रेलवे स्टेशन और बस यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग
भारत टॉकीज की ओर चल समारोह के कारण यातायात बंद रहने पर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले वाहन एमपी नगर, न्यू मार्केट, अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और मैदा मिल मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। बोगदा पुल से भारत टॉकीज की ओर वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
इंदौर और सीहोर से आने वाली यात्री बसें खजूरी बायपास, मुबारकपुर बायपास, गांधीनगर और लालघाटी होते हुए हलालपुर बस स्टैंड पर यात्रा समाप्त करेंगी। आईएसबीटी से संचालित यात्री बसें प्रभात गोविंदपुरा तिराहा, प्रभात चौराहा और भारत टॉकीज की ओर नहीं आ सकेंगी। गुना और ग्वालियर से आने वाली बसों का समापन भी हलालपुर बस स्टैंड पर होगा, जबकि बैरसिया बस स्टैंड से संचालित बसें बेस्ट प्राइस तिराहे तक ही आएंगी।
यातायात पुलिस की अपील
नगरीय यातायात पुलिस ने नागरिकों से विसर्जन के दौरान परिवर्तित मार्गों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।
