रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का बोनस: दिव्यांगों को जन्म से पेंशन
नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने रेलवे कर्मचारियों, दिव्यांगजनों और वित्तीय क्षेत्र से जुड़े मामलों में कई अहम फैसले लिए हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का परफॉर्मेंस लिंक्ड बोनस दिया जाएगा। इसके लिए करीब 2,009 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे लगभग 11.40 लाख रेल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव
सरकार ने दिव्यांगता पेंशन की पात्रता के नियमों में बदलाव किया है। पहले इसके लिए 80 प्रतिशत दिव्यांगता की सीमा थी, जिसे घटाकर 40 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही जन्म से दिव्यांग व्यक्तियों को भी पेंशन योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा। सरकार ने सामाजिक सुरक्षा के दायरे के विस्तार के लिए 53,428 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
आईडीबीआई बैंक के पुनर्गठन का फैसला
कैबिनेट ब्रीफिंग में आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन से जुड़े फैसले की भी जानकारी दी गई। सरकार के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य बैंक में पूंजी निवेश को बढ़ावा देना और वित्तीय सेवा क्षेत्र को मजबूती देना है। इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों , छोटे कारोबारियों और नए उद्यमियों के लिए वित्तीय अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
सरकार और एलआईसी की 34 प्रतिशत हिस्सेदारी
आईडीबीआई बैंक के पुनर्गठन के तहत केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम मिलकर बैंक में 34 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखेंगे। सरकार के अनुसार, इस कदम से बैंक में नई पूंजी आने और वित्तीय सेवा क्षेत्र में विदेशी निवेश को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
