सार्वजनिक और ऑफिस के कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब इस्तेमाल करने से बचें, काम के बाद लॉगआउट करना जरूरी : गृह मंत्रालय
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर अपराध विरोधी विंग ने व्हाट्सएप वेब के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है। मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब से लॉगआउट किए बिना छोड़ना साइबर अपराधियों के लिए खतरा बन सकता है।
एडवाइजरी के मुताबिक, कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब सेशन खुला रहने पर कोई भी अनधिकृत व्यक्ति निजी संदेशों, संपर्कों और ग्रुप चैट तक पहुंच सकता है। इतना ही नहीं, वह संबंधित व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल कर उसके नाम से संदेश भेज सकता है और धोखाधड़ी, फिशिंग या अन्य साइबर अपराधों को अंजाम दे सकता है।
मंत्रालय ने लोगों को सलाह दी है कि वे ऑफिस, सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें। सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय और गोपनीय जानकारी के आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही, किसी दूसरे के इस्तेमाल वाले कंप्यूटर पर व्हाट्सएप चलाने के बाद अकाउंट से लॉगआउट करना सुनिश्चित करें, ताकि निजी जानकारी और अकाउंट का दुरुपयोग न हो सके।
