समंदर में एक साथ उतरीं छह देशों की नेवी: भारत ने भी दिखाया जलवा
नई दिल्ली: समुद्र में 6 देशों की नौसेनाएं एक साथ उतरीं। एक साथ इन नौसेनाओं का आने का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करना रहा। इसी कड़ी में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि और आईएनएस कुलिश ने भी फिलीपींस के ‘सुबिक बे’ में आयोजित संयुक्त समुद्री सुरक्षा गतिविधि में हिस्सा लिया।
चार दिन अलग गतिविधियां
कई दिनों तक चली यह गतिविधि 21 सितंबर को शुरू हुई थी। इसका आयोजन 23वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस समुद्री सुरक्षा विशेषज्ञ कार्य समूह के तहत किया गया। फिलीपींस की नौसेना ने इसकी मेजबानी की। जापान ने सह-अध्यक्ष की भूमिका निभाई। यहां चार दिन तक अलग-अलग गतिविधियां चलीं। पहले बंदरगाह चरण में नौसैनिकों ने कई अहम विषयों पर विचार साझा किए। इनमें शांति और सुरक्षा, समुद्री संपर्क, वरिष्ठ नौसैनिक नेतृत्व और समुद्री पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल थे।
