Bhopal News: रानी कमलापति स्टेशन पर डीआरआई की दबिश: 3.5 करोड़ की ड्रग्स के साथ नाइजीरियन महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
भोपाल। राजधानी के भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने लगातार दो दिन कार्रवाई कर नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन महिला शामिल है। दोनों के कब्जे से कुल 4 किलो 380 ग्राम एम्फेटामिन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3.5 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एजेंसी अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
निजामुद्दीन से आ रहे तस्कर को भोपाल में पकड़ा
डीआरआई को सूचना मिली थी कि हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन के जरिए एक तस्कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर भोपाल आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने भोपाल जंक्शन पर निगरानी शुरू की। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही संदिग्ध यात्री को पकड़कर उसके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो किलो से अधिक एम्फेटामिन बरामद हुई।
कपड़ों में छिपाकर लाई थी ड्रग्स
अगले दिन डीआरआई को सूचना मिली कि आगरा कैंट से आने वाली ट्रेन से एक विदेशी महिला तस्कर रानी कमलापति स्टेशन पर पहुंचेगी। टीम ने स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी। ट्रेन से नाइजीरियन महिला के उतरते ही महिला अधिकारियों ने उसे रोक लिया। सामान की तलाशी में चार अलग-अलग सलवार-कुर्तों के भीतर छिपाए गए पैकेट मिले। इन्हें निकालकर जांच की गई तो करीब 2.38 किलो एम्फेटामिन बरामद हुई। इससे पहले पिछले सप्ताह डीआरआई की इंदौर यूनिट ने इंदौर से पुणे जा रही एक नाइजीरियन महिला को निजी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया था। उसके पास से करीब 1.9 करोड़ रुपए की ड्रग्स बरामद हुई थी। इसमें एमडी, एम्फेटामिन और हाइड्रोपोनिक वीड शामिल था। लगातार हो रही कार्रवाइयों के बाद एजेंसी अब मादक पदार्थों की तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
