Bhopal News: फर्जी पासपोर्ट कांड: 19 फरार आरोपियों पर 20-20 हजार का इनाम, अब तक छह गिरफ्तार
Bhopal. प्रदेश के बहुचर्चित बांग्लादेशी फर्जी पासपोर्ट कांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने 19 आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. इनमें भोपाल के 14, ग्वालियर के दो और बैतूल के तीन आरोपी शामिल हैं. सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं. एसटीएफ की पांच टीमें देश के अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर उनकी तलाश कर रही हैं.
मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें कथित मास्टरमाइंड रियाल चौधरी और फर्जी दस्तावेज व पासपोर्ट तैयार कराने में मददगार नसीम अख्तर शामिल हैं. जांच में सामने आया है कि गिरोह ने बौद्ध भिक्षु के रूप में पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी पासपोर्ट हासिल किए. इनमें से कुछ लोग पासपोर्ट के जरिए विदेश गए और वापस नहीं लौटे.
एडीजी की बैठक के बाद इनाम का फैसला
गुरुवार को पीएचक्यू में एसटीएफ के एडीजी डी. श्रीनिवास वर्मा ने मामले की समीक्षा बैठक ली. इसमें गिरफ्तारियां, फरार आरोपियों की तलाश, विभिन्न राज्यों में दबिश और विदेश मंत्रालय व पासपोर्ट सेल से मिली जानकारी पर चर्चा हुई. इसके बाद 19 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया. इनमें फर्जी पासपोर्ट बनवाने वालों के साथ गलत सत्यापन और दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले आरोपी भी शामिल हैं.
