Bhopal News: स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, देह व्यापार का खुलासा
राजनीतिक क्रांति, भोपाल
राजधानी भोपाल में स्पा सेंटरों में संचालित संदिग्ध और अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार को जनसंवाद के दौरान स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कमिश्नर ने एक टीम गठित कर शिकायतों की जांच के निर्देश दिए ।
जांच के बाद पुलिस ने पिपलानी स्थित पिंक स्पा सेंटर पर दबिश देकर कार्रवाई की । इसके बाद एमपी नगर क्षेत्र में भी स्पा सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी क्रम में रविवार शाम के समय मिसरोद पुलिस ने आशिमा मॉल स्थित प्योर हेवन स्पा सेंटर पर कार्रवाई कर देह व्यापार का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। 20 सितंबर को सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर सेंटर पहुंचे और सूचना की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रवीण कुमार, गोलू, रामनिवास राठौर, जितेंद्र माली और सोनाली मस राम के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार से संबंधित कानून के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस सेंटर के संचालन और वहां आने-जाने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार राय ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
