Bhopal News: रूसी और उसके दो साथी गिरफ्तार:पुलिस ने निकाला जुलूस;बजरिया में जुए की बड़ी फड़ पर दबिश के बाद से चल रहे थे फरार
राजनीतिक क्रांति, भोपाल
क्राइम ब्रांच ने बजरिया इलाके में जुआ खिलाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रूसी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का बजरिया क्षेत्र में जुलूस निकाला। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर जुए के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में रूसी, उबैद उर्फ बल्ली और बडाला शामिल हैं। दो दिन पहले क्राइम ब्रांच ने बजरिया क्षेत्र में दबिश देकर जुए की बड़ी फड़ का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी रूसी मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से क्राइम ब्रांच की टीम उसकी तलाश में जुटी थी।
गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रूसी समेत उसके दोनों साथियों को पकड़ लिया। आरोपियों से पूछताछ में जुए की फड़ संचालित करने और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई के बाद इलाके में जुआ गतिविधियों से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
