Bhopal News: फर्जी पासपोर्ट मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार
भोपाल। फर्जी पासपोर्ट मामले की जांच कर रही स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गुरुवार को पांचवें आरोपी नसीम अख्तर को भोपाल के करोंद इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने वाले नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। एसटीएफ के अनुसार इस नेटवर्क के तार कई राज्यों तक जुड़े होने की आशंका है।
एसटीएफ के मुताबिक नसीम वर्ष 2016 से भोपाल में रह रहा था। शुरुआती दौर में वह ट्रक और यात्रा संबंधी कारोबार से जुड़ा था। बाद में एमपी नगर में यात्रा और पर्यटन एजेंसी चलाने के साथ पासपोर्ट एजेंट के रूप में भी काम करने लगा। पूछताछ में उसने बताया कि भोपाल स्थित पासपोर्ट कार्यालय के बाहर उसकी मुलाकात मेतानंद उर्फ रियाल चौधरी से हुई थी। उसके इशारे पर उसने अलग-अलग लोगों के फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदन किए। उसने करीब आठ पासपोर्ट बनवाने की बात स्वीकार की है। हालांकि एसटीएफ को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर इससे अधिक मामलों का खुलासा हो सकता है।
नागपुर में भी दर्ज है मामला
जांच में नसीम का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। एसटीएफ के अनुसार नागपुर पुलिस उसे वर्ष 2023 में धोखाधड़ी, जालसाजी और विदेशी नागरिक अधिनियम से जुड़े मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल वह जमानत पर था।
पहचान छिपाने के लिए फोटो धुंधली
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह पहचान छिपाने के लिए फोटो पहचान पत्रों पर लगी तस्वीरों को धुंधला कर देता था। एसटीएफ के अनुसार अलग-अलग राज्यों के असली और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सत्यापन एजेंसियों को भ्रमित करने का प्रयास किया जाता था। इस मामले में एसटीएफ ग्वालियर पहले ही कथित मास्टरमाइंड रियाल चौधरी समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है। नसीम को शुक्रवार को ग्वालियर की स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा।
राहुल लोधा, डीआईजी, एसटीएफ ने बताया कि नसीम को करोंद से हिरासत में लिया गया है। एमपी नगर में उसकी यात्रा एवं पर्यटन एजेंसी थी, जहां वह पासपोर्ट एजेंट के तौर पर भी काम करता था।
