MP News: कार्तिक नहाने गईं तीन बालिकाओं की क्वारी नदी में डूबने से मौत
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हरिलाल का पुरा में गुरुवार सुबह कार्तिक स्नान के लिए क्वारी नदी पर गईं तीन बालिकाओं की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हरिलाल का पुरा निवासी निशी पुत्री भत्तू यादव उम्र 12 वर्ष, चन्द्रा पुत्री भत्तू यादव उम्र 11 वर्ष और प्राची पुत्री भरत यादव उम्र 13 वर्ष गुरुवार की सुबह अन्य बालिकाओं के साथ कार्तिक स्नान के लिए क्वारी नदी पर गई थीं। नहाने के दौरान तीनों बालिकाएं अचानक गहरे गड्डे में चली गईं और डूबने लगीं। साथ में गई अन्य बालिकाओं ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहरा पानी होने के कारण सफलता नहीं मिली।
घबराकर अन्य बालिकाएं दौडक़र गांव हरिलाल का पुरा पहुंचीं और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास किया और तीनों बालिकाओं को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीण तुरंत तीनों को कैलारस के शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद तीनों बालिकाओं को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कैलारस पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के साथ ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम न कराने की सहमति दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए।
बताया जा रहा है कि कार्तिक माह में ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाएं व बालिकाएं सुबह-सुबह नदी में स्नान करने जाती हैं। गुरुवार को भी बालिकाएं रोज की तरह स्नान के लिए गई थीं, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि नदी में गहरा गड्डा उनकी जान ले लेगा। एक ही गांव की तीन बालिकाओं की एक साथ मौत से पूरा हरिलाल का पुरा गांव शोक में डूब गया है। मृत बालिकाओं के घरों में सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी के घाट पर सुरक्षा के इंतजाम करने और गहरे गड्डों की पहचान कर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।
इनका कहना –
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कैलारस के बीएमओ डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि तीन बच्चियों की पानी में डूबने से मौत हुई है। परिजनों ने बताया कि वे कार्तिक स्नान के लिए नदी पर गई थीं। परिजनों ने बालिकाओं का पोस्टमार्टम कराने के इंकार कर दिया था, जिसकी पुलिस ने लिखापढ़ी कर ली है। तहसीलदार ने भी पंचनामा बना लिया है।
