Bhopal News: कालियासोत में अधूरा पौधारोपण: मशीन से खोदे गए गड्ढे, कई जगह पौधे नदारद
1 min read

Bhopal News: कालियासोत में अधूरा पौधारोपण: मशीन से खोदे गए गड्ढे, कई जगह पौधे नदारद

भोपाल। विकास की रफ्तार के साथ लगातार घटते हरित क्षेत्र और वाहनों व औद्योगिक इकाइयों से बढ़ते प्रदूषण के बीच पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम माना जा रहा है। सरकारें भी अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए अभियान और योजनाएं चला रही हैं। लेकिन राजधानी भोपाल के कालियासोत डैम क्षेत्र में नगर निगम की ओर से किए गए पौधारोपण में लापरवाही सामने आई है।

कालियासोत डैम क्षेत्र में पौधारोपण के लिए मशीनों से बड़ी संख्या में गड्ढे तो खोद दिए गए, लेकिन मौके पर कई गड्ढे पौधों के इंतजार में ही रह गए। पौधे नहीं लगाए जाने से बारिश के पानी और मिट्टी से ये गड्ढे भर गए हैं। मौके की तस्वीरें और वीडियो नगर निगम की कार्यप्रणाली और पौधारोपण अभियान की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

पौधारोपण अभियान का उद्देश्य केवल गड्ढे खोदना नहीं, बल्कि पौधे लगाकर उनकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे में यदि गड्ढे खोदने के बाद पौधे ही नहीं लगाए गए तो सरकारी अभियान की गंभीरता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पौधारोपण के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर जाकर यह जांच क्यों नहीं की कि निर्धारित संख्या में पौधे लगाए गए हैं या नहीं। यदि निरीक्षण किया गया था, तो अधूरे पौधारोपण की स्थिति जिम्मेदार अधिकारियों की नजर से कैसे बची?

पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण अभियान में इस तरह की लापरवाही सरकारी योजनाओं की मंशा पर सवाल खड़े करती है। जरूरत इस बात की है कि पौधारोपण को महज औपचारिकता न बनाकर लगाए गए प्रत्येक पौधे की निगरानी और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय की जाए।