MP News: होटल में ब्यूटीशियन की मौत का मामला: बॉयफ्रेंड बोला- सोनिला ने खुद तैयार किया था फंदा, मुझे लगा पहले की तरह डरा रही है
इंदौर। तिलक नगर के एलेक्स होटल के कमरा नंबर 101 में ब्यूटीशियन सोनिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके कारोबारी दोस्त दीपक खंडेलवाल से पूछताछ की है। दीपक ने पुलिस को बताया कि सोनिला पहले से होटल में मौजूद थी और कमरा भी उसी ने बुक किया था। वह अपने साथ बीयर लेकर आई थी।
दीपक के मुताबिक, कमरे में पहुंचने के बाद दोनों के बीच बहस हुई। इसी दौरान सोनिला ने फंदा तैयार किया। उसे लगा कि वह पहले की तरह सिर्फ डराने के लिए ऐसा कर रही है, लेकिन अचानक वह फंदे पर झूल गई। दीपक ने बताया कि वह नशे में था और घबरा गया। वह सोनिला को ठीक से नीचे नहीं उतार पाया। इसके बाद होटल कर्मचारियों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद दीपक होटल से चला गया था। पुलिस ने उसकी पत्नी और बच्चों को थाने बुलाया, जिसके बाद उसने शुक्रवार को सरेंडर किया। पुलिस ने उसे बायपास से हिरासत में लिया और बाद में एफआईआर दर्ज की।
शुरुआती जांच में जहर खाने की आशंका थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम में फंदे से मौत की बात सामने आई है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार सोनिला और दीपक करीब चार साल से संपर्क में थे। दीपक की पत्नी को दोनों के संबंधों की जानकारी होने के बाद उसने सोनिला से दूरी बना ली थी। सोनिला लगातार उससे मिलने और बातचीत करने का दबाव बनाती थी। पुलिस ने सोनिला के पिता प्रदीप और पति संजय के बयान भी दर्ज किए हैं।
