MP News: प्रदेश के 18 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी
भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आज प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है। धार-बड़वानी में अति भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि इंदौर-उज्जैन संभाग में सिस्टम का असर ज्यादा रहेगा। मध्य प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा असर पश्चिमी मध्य प्रदेश में रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, धार और बड़वानी में अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर में भारी बारिश की चेतावनी है। निम्न दाब क्षेत्र के असर से पश्चिमी हिस्से में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहेंगी। शनिवार को भी इंदौर, धार, बड़वानी, रतलाम और भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। धार में बारिश से किसानों को राहत मिली, जबकि रतलाम के नामली में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया और पानी घाटों के ऊपर पहुंच गया।
