MP News: इंदौर में स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली बच्चों को बांटे कीड़े वाले लड्डू
इंदौर.
प्रदेश के इंदौर जिले में स्वतंत्रता दिवस पर एक स्कूल में बच्चों को बांटे जाने वाले लड्डुओं में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। यह घटना धमनाई पंचायत के सोनगुराड़िया गांव की है, जहां के माध्यमिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को बांटने के लिए लड्डू लाए गए थे। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस दुकान को सील कर दिया है जहां से ये लड्डू खरीदे गए थे।
आठ साल की बच्ची ने की शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमनाई पंचायत के सोनगुराड़िया गांव के माध्यमिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को करीब 40 किलो लड्डू बांटे जा रहे थे। लड्डू बांटने का काम शुरू ही हुआ था कि तभी वहां मौजूद करीब आठ साल की एक बच्ची ने लड्डू में कीड़े होने की शिकायत की। बच्ची की इस शिकायत के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत ही लड्डुओं का वितरण रुकवा दिया और इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी।
