Bhopal News: सरकारी सहायता राशि का झांसा देकर गर्भवती महिला से 64 हजार की ठगी
निशातपुरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें गर्भवती महिला को सरकारी सहायता राशि दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने उसके खाते से 64 हजार 725 रुपये निकाल लिए। आरोपी ने खुद को जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का कर्मचारी बताकर महिला को विश्वास में लिया और सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उससे जानकारी हासिल की। इसके बाद उसके खाते से रकम ट्रांसफर कर ली गई। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई ऑनलाइन ठगी की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, संजीव नगर निवासी 27 वर्षीय वर्षा शुक्ला की जेठानी ने 16 जुलाई को गर्भावस्था से संबंधित जानकारी वाला आवेदन पलासी आंगनबाड़ी केंद्र में जमा किया था। आवेदन जमा होने के कुछ समय बाद वर्षा के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम रविशंकर पटेल बताया और खुद को जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का कर्मचारी बताया। आरोपी ने महिला को सरकारी सहायता राशि मिलने की बात कही और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उससे जरूरी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उसके बैंक खाते से कुल 64,725 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर महिला ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इसी तरह मिसरोद थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त भौतिकी प्राध्यापक कैलाशचंद्र सक्सेना को साइबर ठग ने बिजली विभाग का अधिकारी बनकर फोन किया। आरोपी ने बिजली कनेक्शन काटने की धमकी दी और सत्यापन के नाम पर उनसे बैंक व कार्ड संबंधी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 96,201 रुपये निकाल लिए गए।
पिपलानी क्षेत्र में भी ऑनलाइन ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। यहां राजा राम सिंह से 1,295 रुपये, अंकित साहू से 6 हजार रुपये और पंकज कुमार से 90 हजार रुपये की ठगी की गई। वहीं स्टेशन बजरिया क्षेत्र में लखन प्रजापति को फोन कर आरोपी ने उनके भाई के दुर्घटनाग्रस्त होने का झांसा दिया। मदद के नाम पर उनसे 1 लाख 11 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए।
छोला मंदिर थाना क्षेत्र में किसान सुरेश कुमार गौर को प्रधानमंत्री कुसुम सौर योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 69,051 रुपये ऐंठ लिए। इसी क्षेत्र में सुशील कुमार गुप्ता के खाते से 47 हजार रुपये और रजनीकांत मिश्रा से 7,700 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।
पुलिस के अनुसार, ठग अलग-अलग सरकारी योजनाओं, बिजली कनेक्शन, दुर्घटना और बैंक सत्यापन का बहाना बनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते, एटीएम, क्रेडिट कार्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। सरकारी सहायता या योजना का लाभ दिलाने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति फोन कर पैसे या बैंक संबंधी जानकारी मांगता है तो पहले संबंधित विभाग से संपर्क कर इसकी पुष्टि करें।
