MP News: भोपाल में आज से ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन: 100 से ज्यादा विदेशी मेहमान पहुंचेंगे
राजधानी भोपाल में आज से चार दिवसीय BRICS संस्कृति सम्मेलन-2026 की शुरुआत हो रही है। सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य एवं भागीदार देशों सहित 10 देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में होगा, जहां सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सम्मेलन के पहले दिन प्रतिनिधियों का पंजीकरण, मान्यता (एक्रेडिटेशन), द्विपक्षीय बैठकें और सांस्कृतिक प्रदर्शनियों का भ्रमण होगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल और मध्यप्रदेश के अपर मुख्य सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि तीसरी BRICS संस्कृति कार्य समूह की बैठक में विभिन्न देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे।
विदेशी मेहमानों के लिए मध्यप्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों का विशेष इंतजाम किया गया है। लंच और डिनर में दाल-बाफले, निमोना, रिकमच, गुइया की सब्जी, चंबल का थोपा, चंदिया, बड़ा तथा मिलेट्स आधारित कोदो और कुटकी जैसे व्यंजन परोसे जाएंगे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की पसंद को ध्यान में रखते हुए वेस्टर्न और ओरिएंटल व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई है।
यह सम्मेलन आज से 8 अगस्त तक चलेगा, जिसमें संस्कृति, विरासत और रचनात्मक सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर बैठकें और विचार-विमर्श होंगे।
