रूस: मॉस्को में रेस्टोरेंट के पास बड़ा धमाका, 3 की मौत और 21 घायल, होममेड बम लेकर पहुंची थी महिला
1 min read

रूस: मॉस्को में रेस्टोरेंट के पास बड़ा धमाका, 3 की मौत और 21 घायल, होममेड बम लेकर पहुंची थी महिला

रूस की राजधानी मॉस्को के एक रेस्टोरेंट के पास हुए धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विस्फोट शनिवार शाम को मध्य मॉस्को में एक महंगे रेस्टोरेंट के पास हुआ, जब वहां एक प्राइवेट कार्यक्रम चल रहा है। यह घर में तैयार किया बम था, जिसे एक महिला लेकर पहुंची थी। धमाके में महिला की भी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक अज्ञात महिला कुद्रिन्स्काया स्क्वायर पर स्थित बाल्जी रॉसी रेस्टोरेंट में घुसने की कोशिश कर रही थी, लेकिन एक सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोक दिया। महिला के पास एक इंम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवास (आईईडी) था, जो रेस्टोरेंट में घुसने से पहले ही फट गया। धमाके में महिला के साथ उसे रोकने वाले सिक्योरिटी गार्ड और एक कस्टमर की मौत हो गई।
रूसी अधिकारियों ने महिला की पहचान उजागर नहीं की है और न ही यह बताया कि उसने ऐसा क्यों किया। यह भी साफ नहीं है कि उसने जान-बूझकर बम विस्फोट किया था या नहीं। शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में धमाके की वजह गैस सिलिण्डर फटना बताया गया था, लेकिन बाद में रूसी एंटी-टेररिज्म कमेटी ने कहा कि यह एक आईईडी विस्फोट था।

प्राइवेट इवेंट में शामिल लोग थे निशाना
रूसी बिजनेस अखबार कोमर्सेंट की रिपोर्ट के अनुसार, हमले का निशाना रेस्टोरेंट की बाहरी छत पर हो रहे एक प्राइवेट इवेंट में शामिल मेहमान थे। अखबार ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, वरना मरने वालों की संख्या बहुत ज्यादा हो सकती थी।