MP News: प्रदेश के 68 महाविद्यालयों में एआई और फिनटेक विथ एआई सर्टिफिकेट कोर्स की होगी नि: शुल्क पढ़ाई
प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालयों में रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के 68 शासकीय महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा एआई एवं फिनटेक विथ एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ किए जा रहे हैं। इनमें 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस तथा 13 स्वशासी महाविद्यालय शामिल हैं। यह कोर्स आईआईटी दिल्ली के सहयोग से संचालित किया जाएगा।
शासकीय महाविद्यालयों में परंपरागत पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिये शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 68 महाविद्यालयों में एआई और फिनटेक विथ एआई सर्टिफिकेट कोर्स की पढ़ाई कराई जाएगी। पाठ्यक्रम का संचालन आईआईटी दिल्ली के सहयोग से किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। महाविद्यालयों में संचालित यह सर्टिफिकेट कोर्स विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क होगा।
