MP में बीस IAS अफसरों के तबादले, 6 कलेक्टर बदले
मध्यप्रदेश सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 20 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों को देखते हुए मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को उद्योग एवं एमएसएमई विभाग का प्रभार सौंपते हुए आयोजन की जिम्मेदारी दी है।
डॉ. राजेश राजौरा को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि भास्कर लक्षकार को इंदौर संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग में पदोन्नति नियम-2025 लागू कराने और समान नागरिक संहिता के ड्राफ्ट तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वाले उप सचिव अजय कटेसरिया को पहली बार रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा मिशा सिंह को शहडोल, रत्नाकर झा को अनूपपुर, गुरु प्रसाद को खरगोन, दिव्यांक सिंह को मंदसौर और डॉ. शेर सिंह मीना को आगर मालवा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
शहडोल कलेक्टर केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग को ओएसडी सह आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग तथा आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है।
मुख्यमंत्री के विश्वस्त अधिकारी संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उनके पास केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध परियोजना की जिम्मेदारी भी रहेगी। डॉ. ई. रमेश कुमार को राजस्व विभाग के साथ नर्मदा घाटी विकास (NVDA) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कुमार पुरुषोत्तम को कृषि उपज मंडी बोर्ड के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाया गया है। के.सी. गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त के साथ उद्यानिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत सचिन सिन्हा को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार प्रमुख सचिव मनीष सिंह को सौंपा गया है, जबकि राघवेंद्र सिंह को वन विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है।
