MP News: आईएएस पी. नरहरि के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रिटायर्ड इंजीनियर से 1.56 लाख की ठगी
1 min read

MP News: आईएएस पी. नरहरि के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रिटायर्ड इंजीनियर से 1.56 लाख की ठगी

ग्वालियर। साइबर ठग ने आईएएस अधिकारी पी. नरहरि के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री मैथिली शरण गुप्ता (71) से 1.56 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने खुद को पी. नरहरि का परिचित बताते हुए सुमित कुमार नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर भेजा और उसे सीआरपीएफ कमांडेंट बताया। इसके बाद तबादले के कारण सामान बेचने का झांसा देकर गुप्ता से रकम जमा करा ली।

मुरार निवासी गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर को उन्हें आईएएस पी. नरहरि के नाम से बनी फेसबुक आईडी से मित्रता का अनुरोध मिला था। अनुरोध स्वीकार करने के बाद कथित पी. नरहरि ने उनका मोबाइल नंबर लिया और सुमित कुमार का नंबर भेजकर उसे अपना दोस्त बताया। सुमित ने वाट्सऐप पर फर्नीचर के फोटो भेजे। सामान पसंद आने पर 95 हजार रुपये में सौदा तय हुआ और गुप्ता ने 21 सितंबर को बताए गए बैंक खाते में रकम जमा कर दी।

इसके बाद आरोपी ने सामान निकालने में परेशानी बताते हुए 61,500 रुपये और जमा करा लिए। तीसरी बार 88 हजार रुपये की मांग किए जाने पर गुप्ता को शक हुआ। उन्होंने आईएएस पी. नरहरि से संपर्क किया तो उन्होंने ठगी की जानकारी मिलने पर फोटो और वीडियो मांगे तथा पुलिस में शिकायत करने को कहा।

ठगी का पता चलते ही आरोपी ने वाट्सऐप से फोटो और संदेश हटा दिए और बातचीत बंद कर दी। मुरार पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल तथा तकनीकी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।