Bhopal News: ब्रह्मलीन कमलाकांत तिवारी की स्मृति में 27 नवंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत मानसरोवर कथा महोत्सव: माधवाज़ रॉक बैंड सहित नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति
राजनीतिक क्रांति, भोपाल
मानसरोवर समूह के संस्थापक ब्रह्मलीन कमलाकांत तिवारी की स्मृति में 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक मानसरोवर डेंटल कॉलेज परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत मानसरोवर कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पुण्डरीक गोस्वामी जी महाराज करेंगे।
आयोजन का शुभारंभ 27 नवंबर को दोपहर 1 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। इसके बाद प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक कथा होगी। कथा में 28 नवंबर को ध्रुव चरित्र, 29 नवंबर को प्रह्लाद चरित्र, 30 नवंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 1 दिसंबर को गोवर्धन पूजा और 2 दिसंबर को रुक्मणी विवाह का प्रसंग सुनाया जाएगा। 3 दिसंबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कथा विश्राम होगा। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
आयोजन के तहत 28 नवंबर को पद्मश्री अनूप जलोटा, 29 नवंबर को ध्रुव एवं स्वर्णा श्री (द ब्रजकीपर्स) तथा 1 दिसंबर को वृंदावन का प्रसिद्ध माधवाज़ रॉक बैंड भक्तिमय प्रस्तुतियां देगा।
उल्लेखनीय है कि कमलाकांत तिवारी ने वर्ष 1995 में श्री साईं ग्रामोत्थान समिति की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में वर्ष 1999 में मानसरोवर पब्लिक स्कूल से शुरू हुआ समूह आज शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों का संचालन कर रहा है। इसमें मानसरोवर ग्लोबल विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, आयुर्वेदिक एवं नर्सिंग कॉलेज तथा 1100 बिस्तरों वाला चिकित्सालय शामिल है।
