MP News: ट्रिपल मर्डर से फैली सनसनी: घर में मिले पति-पत्नी और बेटे के शव
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। वार्ड नंबर-12 स्थित घर में पति-पत्नी और उनके बेटे के शव मिले। तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि मंगलवार रात जब परिवार घर में सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह घर में बंधी बकरियों की लगातार आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचा। घर के अंदर तीनों के शव देखकर उसने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी फैलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एएसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि घटना वार्ड-12 की है। बुधवार सुबह पड़ोसी को घर में बंधी बकरियों की लगातार आवाज सुनाई दी। वह देखने के लिए घर पहुंचा तो अंदर परिवार के तीनों सदस्य मृत मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात को किसने और किस वजह से अंजाम दिया, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घर का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस परिवार के परिचितों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। हत्या के पीछे संभावित कारणों और संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।
शाजापुर का रहने वाला था परिवार, मेलों में लगाते थे दुकान
जानकारी के मुताबिक, मृतक परिवार मूल रूप से शाजापुर जिले का रहने वाला था। राकेश और उनकी पत्नी पहले ठेकेदार के पास मजदूरी करते थे। बाद में उन्होंने अपना काम शुरू कर दिया था। राकेश मेलों में जूते-चप्पल की दुकान लगाते थे। परिवार ने करीब तीन साल पहले बुधनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाया था।
एक महीने पहले तीनों का हुआ था एक्सीडेंट
परिवार के साथ करीब एक महीने पहले सड़क हादसा भी हुआ था। इस दुर्घटना में राधा के हाथ और राकेश के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद से परिवार की परिस्थितियों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। फिलहाल तीनों की हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
