मिक्सर मशीन के बिजली के तार के संपर्क में आने से 8 मजदूरों की मौत
राजस्थान. झुंझुनू जिले के छापोली गांव के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक मिक्सर मशीन के बिजली के तार के संपर्क में आने से आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना छापोली और कदमकुंड के बीच स्थित इलाके में हुई। यहां ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य के लिए मिक्सर मशीन की व्यवस्था की थी, जो काम के दौरान हाई-टेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सड़क निर्माण के दौरान बजरी मिलाने के काम में लाई जा रही मिक्सर मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार के वी की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। बिजली का तार छूते ही पूरी मशीन में अचानक तेज करंट दौड़ गया। इस दौरान वहां काम में जुटे मजदूर बिना संभले करंट की चपेट में आ गए और यह बड़ा हादसा हो गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के झुंझुनू में हुए हादसे में हुई मृत्यु पर शोक जताया है।
प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।
