Bhopal News: मानसरोवर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों का फाउंडेशन कोर्स शुर
1 min read

Bhopal News: मानसरोवर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों का फाउंडेशन कोर्स शुर

भोपाल/सीहोर। मानसरोवर मेडिकल कॉलेज एवं एमजीयू हॉस्पिटल, बिलकिसगंज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विद्यार्थियों के लिए 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक फाउंडेशन कोर्स आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सकीय जिम्मेदारियों, अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता से परिचित कराना है।

सोमवार को कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) शैलेंद्र सिंह चौहान, डीन डॉ. अरविंद अठावले एवं डॉ. विवेक खरे ने किया। इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल स्पेस में सुरक्षित रहने की जानकारी दी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में रैगिंग रोकने तथा स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का महत्व बताया।

चिकित्सा शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी

फाउंडेशन कोर्स के दौरान विद्यार्थियों को समाज में डॉक्टरों की भूमिका, चिकित्सा संस्थानों के नियम एवं विनियम, परिवार चिकित्सा के सिद्धांत, भारत की स्वास्थ्य प्रणाली, राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्य और नीतियों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही चिकित्सा पेशे की नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व से भी परिचित कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में अस्पताल भ्रमण, विभागीय परिचय, बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस), प्राथमिक उपचार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण शामिल है। विद्यार्थियों को जैव सुरक्षा, जैव-चिकित्सकीय कचरे के सुरक्षित निपटान, सुई से लगने वाली चोटों की रोकथाम और हाथों की स्वच्छता का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कुलाधिपति मंजुला तिवारी एवं प्रति कुलाधिपति गौरव तिवारी ने शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।