Bhopal News: एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिले: हत्या की आशंका, रेलवे ट्रैक पर मिला मुखिया का शव
1 min read

Bhopal News: एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिले: हत्या की आशंका, रेलवे ट्रैक पर मिला मुखिया का शव

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छोला थाना क्षेत्र के ग्राम मालीखेड़ी में सोमवार सुबह एक घर में परिवार के चार सदस्यों के शव मिले हैं। वहीं एक व्यक्ति (परिवार के मुखिया) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला।

घर में जिन चारों सदस्यों के शव मिले, उनके गले कटे हुए थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति ने पहले सभी की हत्या की, इसके बाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों पर जांच शुरू कर दी है।

छाला थाना पुलिस के अनुसार, नरेंद्र साहू (35) नामक युवक ग्राम मालीखेड़ी में पीएमएवाई एलआईजी कॉलोनी में किराए के मकान एलआईजी बी-4 में अपने परिवार के साथ रहता था। सोमवार सुबह घर में नरेंद्र की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के शव मिले। सभी के सिर और गले पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि किसी धारदार हथियार से उन पर हमला किया गया है। वहीं, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला।

पुलिस के अनुसार, परिवार के एक रिश्तेदार को सोमवार सुबह नरेंद्र की मौत की सूचना मिली। वह परिजन को जानकारी देने के लिए मालीखेड़ी स्थित घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। फोन पर भी किसी से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद रिश्तेदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर घर में प्रवेश किया तो अंदर चार लोगों के शव मिले।

भोपाल जोन-4 के डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि शुरुआती जांच में परिवार के मुखिया पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है। परिवार का एक छोटा रेस्टोरेंट था, जो कुछ समय पहले बंद हो गया था। बताया गया है कि नरेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से कोई काम भी नहीं कर रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आर्थिक परेशानी का घटना से कोई संबंध था या नहीं। उन्होंने बताया कि दो शव बेड पर मिले हैं। इससे आशंका है कि वारदात के वक्त परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे या किसी दूसरी स्थिति में थे। शुरुआती जांच में घटना देर रात या आधी रात के आसपास की हो सकती है।

मकान मालिक रामसिंह ने पुलिस को बताया कि पिछले साल सितंबर में मकान नंबर 4 सोमलता साहू को पांच हजार रुपये महीने के किराए पर दिया था। उस समय उन्होंने सोमलता का आधार कार्ड भी लिया था। सोमलता ने बताया था कि उनके पति बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह दो बच्चों और अपनी सास के साथ रहती हैं। सोमलता हर महीने ऑनलाइन किराया भेज देती थीं। उन्होंने बताया कि वह कभी घर देखने नहीं गए। सोमवार दोपहर सोसाइटी के एक व्यक्ति का फोन आया, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली। फिलहाल वह विदिशा में हैं।