Indore News: लोन दिलाने और प्रॉपर्टी की वैल्यूएशन बढ़ाने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी: क्राइम ब्रांच ने दबोचा आरोपी
1 min read

Indore News: लोन दिलाने और प्रॉपर्टी की वैल्यूएशन बढ़ाने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी: क्राइम ब्रांच ने दबोचा आरोपी

इंदौर। लोन दिलाने और प्रॉपर्टी की वैल्यूएशन बढ़ाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में क्राइम ब्रांच इंदौर ने आरोपी नवीन ओझा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फाइनेंस कंपनियों और बैंकों में लोन एजेंट/ब्रोकर के रूप में काम करता था और चोला मंडल फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि/एजेंट बताकर आवेदक को अपने विश्वास में लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने आवेदक के लिए चोला मंडल फाइनेंस कंपनी से 2 करोड़ 5 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया। इसके बाद प्रॉपर्टी की अधिक वैल्यूएशन कराने और स्टाम्प ड्यूटी जमा कराने के नाम पर आवेदक से आरटीजीएस और नकद के माध्यम से लाखों रुपये लिए और कथित तौर पर हड़प लिए।

पुलिस जांच में फर्जी एवं कूटरचित सर्च और वैल्यूएशन रिपोर्ट तैयार कराने की बात सामने आई है। आरोपी द्वारा कंपनी तथा अन्य सहयोगियों के नाम का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी किए जाने का भी आरोप है। राशि वापस मांगने पर आवेदक को धमकाने की बात भी शिकायत में सामने आई।

जांच के बाद थाना क्राइम ब्रांच इंदौर में आरोपी नवीन ओझा, निवासी तेजाजी नगर, इंदौर के विरुद्ध धारा 316(2), 316(5) और 318(4) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 0156/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लोन स्वीकृति से संबंधित फर्जी/कूटरचित सर्च एवं वैल्यूएशन दस्तावेजों की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी के अन्य सहयोगियों तथा वित्तीय संस्थानों से जुड़े संभावित नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में थाना भंवरकुआं में धारा 498ए और 506 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज होना भी पाया गया है।