Bhopal News: अमित शाह के दौरे पर बदलेगा भोपाल का ट्रैफिक रूट: एयरपोर्ट से होटल ताज तक डमी कारकेड का रिहर्सल, शाम 6 बजे से यात्री बसों के मार्ग में भी बदलाव
भोपाल. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2 अक्टूबर की रात भोपाल आगमन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात और डायवर्सन व्यवस्था तय कर दी है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत बुधवार को एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक डमी कारकेड चलाकर पूरे रूट का रिहर्सल भी किया गया. शाह के स्टेट हैंगर से होटल ताज तक आवागमन के दौरान रात करीब 8 बजे यातायात को परिवर्तित मार्गों से निकाला जाएगा.
इन मार्गों से जा सकेंगे वाहन
स्टेट हैंगर से होटल ताज की ओर आने-जाने वाले वाहनों का मार्ग रोशनपुरा चौराहा, कंट्रोल रूम, तलैया, हमीदिया रोड और करोंद की ओर परिवर्तित किया जाएगा.
बैरागढ़, राजा भोज विमानतल और राजगढ़-ब्यावरा की ओर जाने वाले वाहन मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा चौराहा, साक्षी ढाबा तिराहा, नीलबड़ तिराहा, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क, खजूरी बायपास तिराहा और मुबारकपुर चौराहा होकर जा सकेंगे.
सीहोर-इंदौर की ओर जाने वाले वाहन मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा चौराहा, साक्षी ढाबा तिराहा, नीलबड़, रातीबड़ और झागरिया मार्ग का उपयोग कर सकेंगे.
भोपाल शहर से सीहोर-इंदौर, राजगढ़-ब्यावरा और राजा भोज विमानतल की ओर जाने वाले वाहन प्रभात चौराहा, जेके रोड, रत्नागिरी, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद चौराहा, नई जेल और गांधीनगर तिराहा होकर आवागमन कर सकेंगे.
भदभदा से लालघाटी तक भी बदला रहेगा रूट
भदभदा चौराहा से भारत माता चौराहा, स्मार्ट रोड, पॉलीटेक्निक चौराहा, कमलापार्क, रेतघाट, वीआईपी रोड, लालघाटी और गांधीनगर तिराहा तक यातायात परिवर्तित रहेगा. वाहन चालक मातामंदिर, मैनिट चौराहा, नेहरू नगर, भदभदा चौराहा, साक्षी ढाबा तिराहा, नीलबड़ तिराहा, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क और मुबारकपुर चौराहा होकर वैकल्पिक मार्ग अपना सकेंगे.
शाम 6 बजे से बसों का डायवर्सन
सीहोर और उज्जैन की ओर से आने-जाने वाली यात्री बसों को शाम 6 बजे से हलालपुर बस स्टैंड से आगे लालघाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी. ये बसें हलालपुर बस स्टैंड पर ही समाप्त होंगी.
राजगढ़-ब्यावरा मार्ग से हलालपुर बस स्टैंड आने-जाने वाली यात्री बसें मुबारकपुर बायपास तिराहा, खजूरी बायपास तिराहा और बैरागढ़ मार्ग होकर हलालपुर बस स्टैंड पहुंच सकेंगी.
वहीं राजगढ़-ब्यावरा मार्ग से नादरा बस स्टैंड आने-जाने वाली बसें मुबारकपुर बायपास तिराहा, गांधीनगर तिराहा, करोंद, बेस्ट प्राइज तिराहा और जेपी नगर तिराहा होकर नादरा बस स्टैंड जा सकेंगी.
सुरक्षा व्यवस्था का किया रिहर्सल
अमित शाह के दौरे से पहले पुलिस और ट्रैफिक अधिकारियों ने पूरे रूट की सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास किया. एयरपोर्ट से होटल और प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों तक डमी कारकेड चलाकर मार्ग में आने वाले प्रमुख चौराहों, डायवर्सन प्वाइंट और यातायात व्यवस्था की जांच की गई.
