Indore Crime Branch News: म्यूल बैंक खाते और फर्जी सिम से देशभर में साइबर ठगी; कई राज्यों की शिकायतों के बाद क्राइम ब्रांच ने दबोचा
इंदौर। क्राइम ब्रांच इंदौर ने संगठित अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड के मामले में लक्की परमार निवासी तिलक नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने बैंक खाते को म्यूल अकाउंट के रूप में उपलब्ध कराने और बैंक खाते से लिंक सिम के जरिए साइबर ठगी में सहयोग करने का आरोप है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, डीसीबी बैंक की न्यू पलासिया शाखा के उक्त खाते के खिलाफ पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम, बिहार, दिल्ली, गोवा, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से दर्जनों साइबर अपराध की शिकायतें मिली थीं। जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते में साइबर ठगी से जुड़ी रकम का लेन-देन किया जा रहा था और बैंक ओटीपी के लिए उसके नाम की सिम का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से म्यूल बैंक खाता, उससे लिंक मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सिम से संबंधित सामग्री जब्त की है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0136/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच अब साइबर अपराध से जुड़े अन्य संदिग्धों और अंतरराज्यीय नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
