भोपाल: स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डाॅयरेक्टर को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर महिला ने 32 लाख रुपए वसूले
1 min read

भोपाल: स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डाॅयरेक्टर को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर महिला ने 32 लाख रुपए वसूले

स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डाॅयरेक्टर को ब्लैकमेल कर 32 लाख रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। झूठे दुष्कर्म प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर उनसे 25 लाख रुपए और मांगे जा रहे हैं। डिप्टी डाॅयरेक्टर की शिकायत पर हबीबगंज थाना पुलिस ने ब्लैकमेल कर रही महिला के खिलाफ एक्सटॉर्शन समेत अन्य धारा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में डिप्टी डाॅयरेक्टर ने आरोप लगाया है कि महिला वर्षों से अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे लाखों रुपये लेती रही और बाद में झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देकर और रकम की मांग कर रही है।

पुलिस के अनुसार, ई-6 अरेरा कॉलोनी निवासी डॉ. हिमांशु जायसवार मध्यप्रदेश शासन के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। वर्तमान में वह डिप्टी डाॅयरेक्टर हैं।  उन्होंने हबीबगंज थाने में दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 2013 में उनके विभाग के तत्कालीन अधिकारी स्वर्गीय डॉ. कृष्णा कुमार गौतम के माध्यम से उनकी पुत्री पूजा गौतम मिश्रा से परिचय हुआ था। पारिवारिक संबंध होने के कारण दोनों परिवारों के बीच आना-जाना शुरू हुआ। डॉ. जायसवार का आरोप है कि शुरुआत में महिला ने अपने पिता के इलाज, परिवार की आर्थिक परेशानियों और अन्य जरूरतों का हवाला देकर आर्थिक मदद ली। वर्ष 2017 के बाद दोनों के बीच संपर्क समाप्त हो गया था, लेकिन वर्ष 2022 में महिला ने दोबारा संपर्क कर कैंसर के इलाज, मां के उपचार, बेटी की पढ़ाई, मकान की ईएमआई, घरेलू खर्च और अन्य आवश्यकताओं के नाम पर लगातार आर्थिक सहायता मांगी। मानवीय आधार पर उन्होंने समय-समय पर ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से करीब 12 लाख रुपये उधार दिए। इसके बदले महिला ने उन्हें 5 लाख रुपये का चेक भी दिया और कहा कि जब वह कहे तभी बैंक में प्रस्तुत करें।

पैसे वापस मांगने पर बदला व्यवहार
शिकायत के अनुसार, जब डॉक्टर ने अपनी रकम वापस मांगना शुरू किया तो महिला का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि उसने झूठे दुष्कर्म और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने, नौकरी खत्म कराने तथा सामाजिक प्रतिष्ठा बर्बाद करने की धमकी देना शुरू कर दिया। इन धमकियों के कारण वह लंबे समय तक पुलिस के पास जाने का साहस नहीं जुटा सके।

25 लाख नहीं दिए तो झूठे केस में फंसाने की धमकी
डॉ. जायसवार ने शिकायत में कहा कि अगस्त 2025 में महिला ने उन्हें पैसे लौटाने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां उसने साफ शब्दों में कहा कि यदि 25 लाख रुपये नहीं दिए तो उनके खिलाफ झूठा दुष्कर्म प्रकरण सहित अन्य गंभीर आपराधिक मामले दर्ज करा देगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नौकरी, प्रतिष्ठा और परिवार की सुरक्षा को लेकर भयभीत होकर उन्होंने अगस्त 2025 में करीब 12.50 लाख रुपये और नवंबर 2025 में 7.50 लाख रुपये, यानी कुल 20 लाख रुपये अतिरिक्त देने पड़े। 12 लाख पूर्व में दे चुुके थे। इस तरह से 32 लाख रुपए महिला उनसे ले चुकी है।

Leave a Reply