भोपाल: एम्स की नर्सिंग ऑफिसर ने फांसी लगाई
राजधानी के कटारा हिल्स क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल की एक नर्सिंग ऑफिसर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब दो महीने पहले उनके पति ने भी आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, नर्सिंग ऑफिसर का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है।
परिजनों ने बताया कि पति की आत्महत्या के बाद से वह लगातार मानसिक तनाव में थीं और सामान्य जीवन नहीं जी पा रही थीं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
