प्रधानमंत्री मोदी ने 1 करोड़ युवाओं को एआई कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने की घोषणा की
1 min read

प्रधानमंत्री मोदी ने 1 करोड़ युवाओं को एआई कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने की घोषणा की

नई दिल्ली।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, शिक्षा, खेल, नागरिक सुरक्षा, सेमीकंडक्टर निर्माण, परमाणु ऊर्जा और महिला नेतृत्व वाले विकास को कवर करने वाली कई पहलों और लक्ष्यों की घोषणा की।

एक करोड़ युवाओं के लिए एआई कौशल प्रशिक्षण: प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि अगले एक वर्ष में एक करोड़ युवाओं को एआई कौशल में प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तीव्र विस्तार का उल्‍लेख करते हुए कहा कि यह पहल भारत के युवाओं को एआई की दुनिया में नेतृत्व करने की क्षमता प्रदान करने में सहायक होगी।


विभिन्न परीक्षाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग: प्रधानमंत्री ने विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा की। उन्होंने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर कोचिंग कक्षाओं के वित्तीय बोझ का उल्लेख करते हुए कहा कि डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, उपलब्ध प्रतिभा और शिक्षकों को एक साथ लाकर देश के युवाओं को निःशुल्क कोचिंग प्रदान करने के लिए एक संपूर्ण नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
5-15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए राष्ट्रव्यापी खेल प्रतिभा खोज अभियान: प्रधानमंत्री ने गांवों, शहरों और विद्यालयों में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए एक प्रतिभा खोज अभियान की घोषणा की। चयनित बच्चों को देश का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम खिलाड़ियों के रूप में विकसित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने उन ओलंपिक खेलों का उल्‍लेख किया जिनमें भारत वर्तमान में भाग नहीं लेता या क्वालीफाई नहीं करता है और कहा कि ऐसे खेलों में क्षमता विकास पर अधिक जोर दिया जाएगा।