Bhopal News: स्पा सेंटर में मिलीं दो विदेशी महिलाएं: संचालक पर एफआईआर; दोनों डिटेंशन सेंटर भेजीं
भोपाल। अयोध्यानगर इलाके में पुलिस ने शुक्रवार को स्पा सेंटरों की रूटीन चेकिंग के दौरान थाई आरोमा वेलनेस सेंटर फैमिली सैलून एवं स्पा में दो विदेशी महिलाओं सहित सात कर्मचारी मिले। दोनों महिलाएं युगांडा की रहने वाली हैं। पुलिस की पूछताछ में वे पासपोर्ट और वीजा से संबंधित दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सकीं। पुलिस ने दोनों विदेशी महिलाओं को डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। वहीं, स्पा सेंटर में काम करने वाले किसी भी कर्मचारी का पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं कराया गया था। इस पर पुलिस ने सेंटर संचालक के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच उप निरीक्षक विजय कर्चुली और पुलिस स्टाफ थाना क्षेत्र के स्पा सेंटरों की जांच करने पहुंचे थे। इस दौरान नेचुरल स्पा सेंटर और थाई आरोमा वेलनेस सेंटर की चेकिंग की गई। थाई आरोमा वेलनेस सेंटर में छह महिलाएं और एक पुरुष कर्मचारी मिला। इनमें दो विदेशी महिलाओं ने अपने नाम रशीम उर्फ मैसी और ईरीन उर्फ नीना बताए। दोनों ने खुद को युगांडा का निवासी बताया। पुलिस द्वारा पासपोर्ट और वीजा पूछने पर वे मौके पर दस्तावेज नहीं दिखा सकीं। उन्होंने यहां नौकरी की तलाश में आने की बात कही।
मैनेजर समेत सात कर्मचारी मिले
स्पा सेंटर में मिली अन्य चार महिलाओं की पहचान पूजा नरवाड़े, तलद जहां, खुशबू ठाकुर और नीतू मालवीय के रूप में हुई। वहीं, पुरुष कर्मचारी ने अपना नाम आदित्य चौरसिया बताया। पूजा नरवाड़े ने खुद को सेंटर की मैनेजर बताया, जबकि अन्य ने कर्मचारी होना बताया।
पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया कि सेंटर संचालक ने किसी भी कर्मचारी का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था। पुलिस आयुक्त की ओर से 15 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत स्पा सेंटर, ब्यूटी पार्लर और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों के लिए कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य किया गया है। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर अयोध्यानगर पुलिस ने संचालक के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों विदेशी महिलाओं को डिटेंशन सेंटर भेजने के साथ ही पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
