बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश: छह लोगों की मौत
1 min read

बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश: छह लोगों की मौत

चमोली। बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को जोशीमठ के नजदीक पांडुकेश्वर में भेड़ गदेरे की पहाड़ी पर क्रैश हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने इसकी पुष्टि की है। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का था।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाल ली। एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। हेलीकॉप्टर के चट्टान पर गिरने की आशंका जताई जा रही है।
सीएम धामी रख रहे पूरे घटनाक्रम पर नजर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।