Indore News: अब जनता बनेगी ट्रैफिक प्रहरी, उल्लंघन की फोटो-वीडियो सीधे पुलिस तक पहुंचाएगी: इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप में शुरू हुआ सिविलियन रिपोर्ट्स फीचर, जिम्मेदार नागरिकों को हर सप्ताह मिलेगा सम्मान
1 min read

Indore News: अब जनता बनेगी ट्रैफिक प्रहरी, उल्लंघन की फोटो-वीडियो सीधे पुलिस तक पहुंचाएगी: इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप में शुरू हुआ सिविलियन रिपोर्ट्स फीचर, जिम्मेदार नागरिकों को हर सप्ताह मिलेगा सम्मान

इंदौर।

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंदौर पुलिस ने नई पहल शुरू की है। अब आम नागरिक भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की फोटो और वीडियो सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप में ‘सिविलियन रिपोर्ट्स’ नाम से नया फीचर शुरू किया गया है। इस पहल के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन की प्रमाणिक जानकारी देने वाले जिम्मेदार नागरिकों को हर सप्ताह पुरस्कृत भी किया जाएगा।

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में शुरू की गई इस सुविधा का शुभारंभ शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किया गया। पुलिस कमिश्नर ने स्वयं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक की फोटो ऐप के माध्यम से भेजकर फीचर की शुरुआत की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाना केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

ऐसे भेज सकेंगे शिकायत

कोई भी नागरिक सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन होते देखने पर सुरक्षित तरीके से फोटो या वीडियो बनाकर ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप के ‘सिविलियन रिपोर्ट्स’ फीचर के माध्यम से पुलिस तक पहुंचा सकेगा। इसके अलावा यातायात हेल्पलाइन नंबर 70497620 पर भी सूचना दी जा सकेगी। पुलिस प्राप्त जानकारी का परीक्षण और सत्यापन करेगी। उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सूचना देने के दौरान किसी तरह का जोखिम न उठाएं और वाहन चालकों से विवाद न करें।

हर सप्ताह मिलेगा सम्मान

इस पहल में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित प्रमाणिक और उत्कृष्ट सूचनाएं देने वाले नागरिकों को प्रत्येक सप्ताह पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। ऐप को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए जारी क्यूआर कोड स्कैन करने की सुविधा भी दी गई है।

कार्यक्रम में डीफ्लाई एविएशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की ओर से ट्रैफिक जागरूकता गीत पर प्रस्तुति दी गई। वहीं पपेट आर्टिस्ट अंकित सिसोदिया ने चिंटू के साथ रोचक प्रस्तुति के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। पुलिस कमिश्नर ने अभियान में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन राजेश त्रिपाठी सहित यातायात पुलिस के अधिकारी, यातायात प्रहरी, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।